रायगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 जनवरी से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हेलमेट जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली का नेतृत्व डीएसपी साधना सिंह ने किया, जिसमें महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और सामाजिक संगठन “दिव्य शक्ति रायगढ़” की सदस्याओं ने भाग लिया।
रैली की शुरुआत थाना यातायात परिसर से हुई, जिसे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी और उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उत्तम प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरी और पुनः यातायात थाना परिसर में समाप्त हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर नागरिकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर चोट लगना मृत्यु का प्रमुख कारण होता है और मानक हेलमेट पहनने से गंभीर चोटों की संभावना कम की जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना आवश्यक बताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि छोटी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन सकती है। उन्होंने नागरिकों से तेज गति से वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामूहिक दायित्व है।
रैली में शामिल सामाजिक संगठन “दिव्य शक्ति रायगढ़” की सदस्याओं की सहभागिता को पुलिस अधिकारियों ने सराहा। अधिकारियों का कहना है कि सामाजिक संगठनों की भागीदारी से सड़क सुरक्षा अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। पुलिस विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में आगे भी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित हो सके।



