रायगढ़ जिले के केलो विहार कॉलोनी में किराये के मकान से संचालित हो रहे देह व्यापार के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने मामले में अनैतिक देह व्यापार (आईटीपीए) अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि केलो विहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार द्वारा बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने नियमानुसार योजना बनाते हुए पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान भेजा। पाइंटर से तय संकेत मिलने पर पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड मौजूद पाए गए। मौके से देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, पाइंटर द्वारा दी गई रकम और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि डिंपी इजारदार मकान का किरायेदार है और महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति कराता है। वह इसी सिलसिले में वहां आया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी डिंपी इजारदार महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार में शामिल करता था, स्वयं इसका संचालन करता था और दलाली की भूमिका निभा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



