रायपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कार के माध्यम से गांजा की तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, दो लाख रुपये नगद, एक कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 14 फरवरी को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्रांतर्गत केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल संयुक्त टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज तथा हिमांशु दामले बताया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कार में अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा हुआ पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 50 किलो 94 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा नगदी रकम दो लाख रुपये, दो मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा कार भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख 67 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से गांजा के स्रोत और संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


