रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक युवक को इनोवा कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। यह सनसनीखेज घटना अभनपुर के मोनफोर्ट स्कूल के पास मेन रोड किनारे हुई थी, जहां एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था।
जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे ग्राम केंद्री, थाना अभनपुर क्षेत्र में मोनफोर्ट स्कूल के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान कैलाश तिवारी के रूप में हुई। मृतक के भाई कौशल तिवारी की रिपोर्ट पर बिना नंबरी मर्ग कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि कैलाश तिवारी अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा से जा रहा था। रास्ते में पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वे वाहन को पैदल धक्का देते हुए पेट्रोल पंप की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान अभनपुर की ओर से रॉन्ग साइड में आ रही इनोवा कार ने पीछे से एक्टिवा को टक्कर मार दी और आगे बढ़ने लगी। इस पर कैलाश और उसके दोस्तों ने कार चालक को ठीक से वाहन चलाने को कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया।
कार कुछ दूरी पर रोकी गई और उसमें सवार चार लोग बाहर निकल आए। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों और ठोस वस्तुओं से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विवाद और बढ़ गया। घटना के दौरान कैलाश के साथी अजय द्वारा चाकू निकालने पर आरोपी कुछ देर के लिए पीछे हट गए, लेकिन थोड़ी देर बाद दो-तीन अन्य लोग भी मौके पर आ गए और दोबारा मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में हेमंत साहू को सिर और हाथ में चोटें आईं।
स्थिति बिगड़ने पर कैलाश तिवारी और उसके साथियों ने आत्मरक्षा में चाकू से हमला किया, जिससे कुछ आरोपियों को भी चोटें आईं। चाकू के हमले से बचने के लिए आरोपी कार में बैठकर भागने लगे। तभी कैलाश तिवारी कार के सामने आ गया और वाहन रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान इनोवा वाहन क्रमांक CG 04 NF 8602 के चालक डिलेश मंडावी ने अपने साथियों लिलेश सेन, चंदन यादव, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू, मनीष साहू और रितेश उर्फ रिंकू साहू के साथ मिलकर हत्या की नीयत से वाहन को कैलाश तिवारी के ऊपर चढ़ा दिया। वाहन की चपेट में आने से कैलाश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 296, 115(2) और 191(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी डिलेश मंडावी, लिलेश सेन, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू और मनीष साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त इनोवा कार को भी गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया गया है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण के दो आरोपी चंदन यादव और रितेश उर्फ रिंकू साहू अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- डिलेश मंडावी पिता लवकुमार मंडावी, उम्र 26 वर्ष
- लिलेश उर्फ लालू सेन पिता ईश्वर सेन, उम्र 26 वर्ष
- दुर्गेश साहू पिता गोवर्धन साहू, उम्र 29 वर्ष
- मनीष साहू पिता राजुराम साहू, उम्र 28 वर्ष
(सभी निवासी न्यू सुभाष नगर, टिकरापारा) - चंद्रशेखर साहू उर्फ शेखर पिता शत्रुहन साहू, उम्र 28 वर्ष
निवासी ग्राम केंद्री, थाना अभनपुर



