भाटापारा शहर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में दबिश देकर कार्रवाई की, जहां आरोपी किराये के मकान से RUVIBET पैनल आईडी के माध्यम से Branch-08, Branch-27 और Branch-35 लिंक के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास आरोपी अजय बतरा को मोबाइल फोन से सट्टे का हिसाब-किताब करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंची और सोलन में कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और 2 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी किराये के मकान को कंट्रोल रूम बनाकर सट्टा संचालन कर रहे थे और विभिन्न राज्यों से जुड़े नेटवर्क के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में
अंकित राज (29) निवासी हिसार हरियाणा,
सदाम हुसैन (25) निवासी अंबिकापुर सरगुजा,
लवप्रीत सिंह (26) निवासी पटियाला पंजाब,
अजिबुल रहमान (25) निवासी बैकुंठपुर,
अनिकेत त्यागी (28) निवासी संभल उत्तरप्रदेश,
दीपक उर्फ दीपू चौहान (29) निवासी मुरादाबाद,
रमन कुमार (37) निवासी पठानकोट,
मुकेश सोनी (24) निवासी गौड़ा उत्तरप्रदेश,
राकेश कुमार (42) निवासी पठानकोट,
मनु (24) निवासी पठानकोट,
करणदीप सिंह (29) निवासी संगरूर,
दीपक कुमार पौडेल (27) निवासी नेपाल,
रितिक कुमार (24) निवासी पठानकोट,
राहुल सरमाल (28) निवासी पठानकोट,
शिवम (30) निवासी पठानकोट
गुलशन कुमार (30) निवासी पठानकोट शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहे थे और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में इसका संचालन किया जा रहा था। मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान और आर्थिक लेन-देन की जांच जारी है।
भाटापारा पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई मजबूत सूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई है। आईपीएल सट्टा और ऑनलाइन जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


