राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में चैत्र नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पांच असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार इन व्यक्तियों द्वारा डोंगरगढ़ मंदिर आने वाले यात्रियों से वाद-विवाद और हल्ला-गुल्ला कर शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न की जा रही थी।
पुलिस को 24 मार्च 2026 को ग्राम कुरभाट मेन रोड और होटल शुभारंभ लॉज डोंगरगढ़ क्षेत्र में यात्रियों से विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संबंधित व्यक्ति शांति भंग करते पाए गए। समझाने के बाद भी उनके व्यवहार में सुधार नहीं होने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने संदीप कुमार वर्मा, एकलव्य हठीले, सुनील साहू, आकाश कुमार कोषे और श्रवण कुमार कंवर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी आरोपियों को डोंगरगढ़ के एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नवरात्रि के दौरान क्षेत्र में गश्त, पेट्रोलिंग और नाकाबंदी बढ़ाई गई है। होटल और ढाबों की जांच कर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में थाना कोतवाली और चौकी सुरगी पुलिस द्वारा अन्य मामलों में भी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


