गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेगोबरा के सांपसाटी जंगल और पहाड़ी इलाके में 28 फरवरी 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा डंप की गई 46 लाख से अधिक की नगद राशि, हथियार, गोला-बारूद और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई जिला पुलिस बल की ई-30 ऑप्स टीम और धमतरी डीआरजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से पूछताछ में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी के डीजीएन डिवीजन द्वारा जंगल क्षेत्र में सामग्री छिपाकर रखने की जानकारी मिली थी। इनपुट के आधार पर संयुक्त टीम ने सांपसाटी पहाड़ियों में सर्च अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई सामग्री को बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में 46 लाख 31 हजार 500 रुपये नगद, एक भरमार बंदूक, एक सुरका राइफल और 32 बीजीएल सेल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एके-47 के 45 राउंड, एसएलआर के 11 राउंड, इंसास के 10 राउंड, 303 बोर के 41 राउंड तथा भरमार और 12 बोर के कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 13 इलेक्ट्रॉनिक और 10 नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन तथा नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद नगद राशि और हथियारों का उपयोग क्षेत्र में गतिविधियों के संचालन के लिए किया जाना था। बरामदगी के बाद सामग्री को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित माओवादी गतिविधियों पर प्रभाव पड़ेगा। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।


