जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है और नक्सलवाद, जो कभी राज्य के लिए गंभीर चुनौती था, अब समाप्ति की दिशा में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं और इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगभग 51.73 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें कोतबा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन, तहसील लिंक कोर्ट की स्थापना, रेस्ट हाउस निर्माण, इंडोर स्टेडियम निर्माण, कोतबा जल आवर्धन योजना के लिए अतिरिक्त राशि, कोकियाखार में सामुदायिक भवन निर्माण तथा बागबहार में सप्ताह में एक दिन एसडीएम (लिंक कोर्ट) संचालन की घोषणा शामिल है।
जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया, उनमें 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का भूमिपूजन तथा 9.85 करोड़ रुपये से निर्मित जल आवर्धन योजना और प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण प्रमुख रूप से शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और प्रशासनिक सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को राज्य सरकार द्वारा पूरा किया जा चुका है और लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य की सिंचाई परियोजनाओं के मरम्मत और विकास हेतु लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 750 सड़कों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ की अग्रणी भूमिका होगी। वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित श्रेणी में लाने के उद्देश्य से विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और राज्य को अब तक 7.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 36वीं सब जूनियर राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा, पूर्व विधायक भरत साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


