कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समनापुर पुल के पास से डेयरी कोऑपरेटिव एवं अमूल डेयरी कोऑपरेटिव बनासकाठा, गुजरात के शैक्षणिक भ्रमण पर जाने वाले पशुपालकों और बिहान समूह की दीदियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बस में पहुंचकर प्रतिभागियों से आत्मीय संवाद किया और भ्रमण के उद्देश्य तथा उससे मिलने वाली संभावित सीख पर चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भ्रमण केवल औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि सीखने और उसे व्यवहार में उतारने का अवसर है। उन्होंने पशुपालकों और महिलाओं से आग्रह किया कि वे बनासकाठा में विकसित उन्नत डेयरी मॉडल, प्रबंधन प्रणाली और तकनीकी नवाचारों को गंभीरता से समझें। उन्होंने कहा कि वहां की सफल व्यवस्थाओं का अध्ययन कर जिले में दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता सुधार और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
विजय शर्मा ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत पशुपालन तकनीक, संतुलित चारा विकास, डेयरी सहकारी मॉडल, दुग्ध संकलन एवं प्रसंस्करण प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, डेयरी उत्पाद निर्माण और विपणन व्यवस्था से संबंधित व्यवहारिक जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सहकारी मॉडल के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के सफल उदाहरणों को समझना इस भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य है।
जानकारी के अनुसार, कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूहों की दीदियां और 17 पशुपालक इस भ्रमण में शामिल हो रहे हैं। यह दल गुजरात के बनासकाठा डेयरी कोऑपरेटिव तथा अमूल डेयरी कोऑपरेटिव का अवलोकन करेगा, जिन्हें दुग्ध उत्पादन और सहकारी प्रबंधन के क्षेत्र में देश-विदेश में महत्वपूर्ण पहचान प्राप्त है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर डेयरी गतिविधियों को आधुनिक और व्यवस्थित बनाना है, जिससे ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों की आय में वृद्धि हो सके।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बिहान समूहों के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, वहीं पशुपालन एवं डेयरी विकास से संबंधित योजनाओं के जरिए दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और आय के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बिहान समूह की दीदियां और पशुपालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल देखा गया, जिन्होंने इस शैक्षणिक भ्रमण को अनुभव और सीख का महत्वपूर्ण अवसर बताया।



