रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत तथा तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 की दोपहर बोईरदादर कृष्णा वाटिका कॉलोनी निवासी मो. जीशान राजा अपने साथी रोशन सिंह के साथ मोटरसाइकिल से कोतरारोड़ की ओर गया था। दीपक किराना दुकान के पास रोशन सिंह मोबाइल पर बात करने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनसे विवाद करते हुए मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। पुलिस के मुताबिक कुछ देर बाद अभिषेक ठाकुर भी वहां पहुंचा और पैसे मांगने लगा। मना करने पर आरोपियों ने रोशन सिंह पर हमला कर दिया।
हमले में रोशन सिंह को सिर, सीने और पेट में चोटें आईं। घायल को पहले मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के भय से सभी फरार थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली, जिसके आधार पर अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया गया। एक बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर निवासी सोनिया नगर कोतरारोड और सत्यम महंत निवासी तेंदुडीपा दरोगामुड़ा शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अभिषेक ठाकुर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


