रायगढ़ — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापेमारी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त फैक्ट्री परिसर में मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लिया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के एक अलग कमरे में दो व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु और विनय अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी तीन अलग-अलग मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट वर्ल्ड कप के चल रहे मैच पर दांव स्वीकार कर रहे थे। मौके से नकदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु, पिता श्यामसुंदर अग्रवाल, उम्र 38 वर्ष, निवासी हिमालया हाईट्स, थाना चक्रधरनगर तथा विनय अग्रवाल, पिता बजरंग अग्रवाल, उम्र 49 वर्ष, निवासी सांगीतराई, थाना जूटमिल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में गगन अग्रवाल नामक एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,000 नगद तथा तीन मोबाइल फोन — आईफोन, वन प्लस और ओप्पो — जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹82,000 बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है।


