राजधानी रायपुर के ग्राम माना-तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दोनों परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजनाओं को छत्तीसगढ़ के फिल्म, कला और सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण से राज्य में फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कलाकारों व तकनीशियनों को अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के माध्यम से राज्य में सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक स्थायी ढांचा विकसित किया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के प्रस्तावित मास्टर प्लान का अवलोकन किया और अधिकारियों से निर्माण से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान परियोजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म निर्माण और कन्वेंशन सेंटर से संबंधित चार प्रस्ताव पर्यटन विभाग को प्राप्त हुए हैं, जिससे भविष्य में इन परिसरों में गतिविधियों के संचालन की संभावना बनी है।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना पर्यटन और फिल्म उद्योग के लिए आधारभूत ढांचा विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
समारोह में बताया गया कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ‘कैपिटल इन्वेस्टमेंट हेतु राज्यों को विशेष सहायता – ग्लोबल स्तर के आइकॉनिक पर्यटन केंद्रों का विकास’ योजना के तहत स्वीकृति मिली है। इस योजना के अंतर्गत चित्रोत्पला फिल्म सिटी के लिए 95.79 करोड़ रुपये और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के लिए 52.03 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। दोनों परियोजनाओं का क्रियान्वयन पीपीपी मॉडल के तहत किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों परियोजनाएं लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएंगी। फिल्म सिटी में विभिन्न प्रकार के सेट, स्टूडियो, प्रशासनिक भवन और पार्किंग सहित अन्य सुविधाएं प्रस्तावित हैं। वहीं, ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में लगभग 1500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन हॉल विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल तथा पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव उपस्थित रहे।


