रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के सभा कक्ष में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवा पत्रकार निशा द्विवेदी की पुस्तक ‘मोदी के राज्य से लौटकर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यात्रा वृत्तांत के माध्यम से इतिहास और संस्कृति की झलक पाठकों के सामने सजीव रूप में प्रस्तुत होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में लेखक ने पत्रकार के दृष्टिकोण से गुजरात यात्रा का वर्णन किया है, जो अध्ययन और अनुभव दोनों का समन्वय प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि जनसेवा से जुड़े लोग और पत्रकार दोनों अपने कार्यक्षेत्र में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में यात्रा अनुभवों को पुस्तक के रूप में प्रस्तुत करना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला पत्रकारों के अध्ययन भ्रमण पर चर्चा हुई थी, जिसके बाद छत्तीसगढ़ की 26 महिला पत्रकारों का दल गुजरात भ्रमण पर गया। भ्रमण के बाद पत्रकारों से मुलाकात के दौरान उन्होंने सुझाव दिया था कि वे अपने अनुभवों को लेखन के माध्यम से साझा करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों के लिए एक्सपोजर विजिट का प्रावधान भी किया गया है, जिसके तहत विभिन्न राज्यों में भ्रमण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक पत्रकारों के दल महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारों को विभिन्न विकास मॉडल को समझने और अनुभव साझा करने का अवसर देना है। पुस्तक को इसी प्रक्रिया का परिणाम बताते हुए उन्होंने लेखिका के प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुशांत शुक्ला, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, जनसंपर्क आयुक्त डॉ रवि मित्तल, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे।


