रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में ट्रैवल व्यवसायी से विदेशी मुद्रा लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लगभग 19 लाख 47 हजार रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा लेकर धोखाधड़ी की थी।
पुलिस के अनुसार गुरुनानक नगर, तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा ने शिकायत दर्ज कराई कि वह ट्रैवल प्लानर नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं, जिसमें एयर टिकट, होटल बुकिंग और टूर पैकेज से संबंधित सेवाएं दी जाती हैं। शिकायत में बताया गया कि 1 मार्च 2026 को शाम लगभग पांच बजे एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम हर्षित अग्रवाल बताया और अमेरिका तथा लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही।
शिकायत के अनुसार अगले दिन कॉल करने वाले ने प्रार्थी को तेलीबांधा स्थित करेंसी टॉवर के सातवें फ्लोर में स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और 18,000 अमेरिकी डॉलर तथा 2,000 ब्रिटिश पाउंड साथ लाने को कहा। वहां मौजूद व्यक्ति ने भारतीय मुद्रा देने की बात कही, लेकिन नोट गिनने की मशीन लाने के बहाने बाहर निकल गया। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने फोन पर बातचीत में उलझाकर विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों के मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी एकत्र की। इसी प्रक्रिया में एक आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मिली। पुलिस टीम को वहां भेजा गया, जहां आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।


