रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित विकास गोस्वामी उर्फ विक्कू को 15 मार्च को कार्रवाई करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना गुढ़ियारी को सूचना मिली थी कि कलिंग नगर गेट के सामने सड़क पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान विकास गोस्वामी उर्फ विक्कू निवासी खालबाड़ा रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू और दो पंच बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर भय का वातावरण बनाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।


