रायपुर के वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात युवतियों से बदसलूकी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो बढ़कर मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी एक युवक नशे की हालत में क्लब पहुंचा था। वहां उसने मौजूद युवतियों से जबरन बातचीत करने का प्रयास किया और उनका हाथ पकड़कर अभद्र व्यवहार किया। इस पर युवतियों के साथ आए युवकों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान क्लब परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस क्लब में पहले भी इस तरह के विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्तमान मामले में भी वीडियो सामने आने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच, शहर के एक अन्य मामले में पुलिस ने देर रात एक कैफे में दबिश दी, जहां निर्धारित समय के बाद भी गतिविधियां संचालित हो रही थीं। मौके पर युवक-युवतियां मौजूद पाए गए। इस संबंध में भी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए जांच जारी है।


