रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में 28 फरवरी को ग्राम मांठ के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक किशोर सारथी, निवासी ग्राम खसेरा, की हत्या पारिवारिक विवाद और अवैध संबंध के चलते साजिश के तहत की गई। घटना 27 फरवरी की रात की बताई जा रही है।
खरोरा पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी की सुबह सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे किशोर सारथी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस टीम डॉग स्क्वॉड और एफएसएल विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत नहीं हुआ। सड़क पर घसीटने के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियों ने संदेह को मजबूत किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी रोशनी से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि उसका लिलेश उर्फ मुरू के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार मृतक को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते घर में विवाद होते थे। इसी कारण पत्नी ने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी की रात रोशनी ने अपने पति को बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया जाने के लिए कहा। रास्ते में पहले से लिलेश और उसके दो साथी थार वाहन के साथ मौजूद थे। जैसे ही किशोर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, वाहन से टक्कर मारकर उसे गिराया गया। इसके बाद उसे घसीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। आरोपियों ने घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया।
मामले में रोशनी, लिलेश उर्फ मुरू कुलदीप, अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


