रायपुर के थाना मौदहापारा क्षेत्र में तालाब पार बीटीएस चौक के पास दो लोगों पर चाकू से प्राणघातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली पर आरोपियों द्वारा हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में हत्या के प्रयास और बलवा से संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद मरही माता मंदिर के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा पथराव किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों द्वारा तलवार लहराकर भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति की निगरानी की जा रही है। पुलिस के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति नियंत्रण में है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


