रायपुर में मेकाहारा अस्पताल से हत्या के मामले में सजायाफ्ता एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब आरोपी को उपचार के लिए रायपुर सेंट्रल जेल से अस्पताल लाया गया था और वह सुरक्षा में तैनात जेल प्रहरियों को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार फरार कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती, निवासी हरनारायणपुर, थाना जमुई (बिहार) के रूप में हुई है। उसे स्वास्थ्य खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान वह निगरानी से निकलकर भागने में सफल हो गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी हत्या के एक मामले में दोषी ठहराया गया था और न्यायालय द्वारा उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। पूर्व में गोबरा नवापारा क्षेत्र में हुए हमले में एक बच्ची की मृत्यु हुई थी और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटना में सुरक्षा में चूक को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


