रायपुर में साइबर अपराध से जुड़े म्यूल बैंक खातों की खरीदी-बिक्री के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में फरार स्थाई वारंटी सुनील यादव उर्फ सोनू और एक महिला आरोपी शामिल हैं। कार्रवाई एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन के अंतर्गत थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से बैंक खातों की जानकारी और दस्तावेज जुटाकर म्यूल खाते तैयार करते थे। इन खातों को बाद में पश्चिम बंगाल के आसनसोल क्षेत्र में बेचने का काम किया जाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन खातों का उपयोग विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों में किया जा सकता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 13 एटीएम कार्ड और सात पासबुक जब्त किए हैं। जब्त दस्तावेजों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन खातों का उपयोग किन-किन लेन-देन या साइबर अपराधों में किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ पहले से स्थाई वारंट जारी था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।
मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से जुड़े ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


