रायपुर के शंकर नगर स्थित राजीव भवन में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई। संगठन ने प्रदेश में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने को छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए आंदोलन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने बताया कि 30 मार्च को प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में एक साथ ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 6 अप्रैल को सभी विश्वविद्यालयों का घेराव किया जाएगा। संगठन का कहना है कि छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर अब व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी उठाया गया। इनमें फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति वितरण में देरी, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव जैसे विषय शामिल हैं। संगठन ने इन समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
एनएसयूआई ने कहा कि छात्र संघ चुनाव बहाली के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए भी आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन ने छात्रों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की। संगठन के अनुसार आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


