फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के नए गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद सामने आया है। गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी लिरिक्स को लेकर आलोचना शुरू हो गई, जिसके बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने फिल्म के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। यह गाना अभिनेत्री नोरा फतेही पर फिल्माया गया है और इसका संगीत निर्देशक अर्जुन जन्या ने तैयार किया है।
सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने गाने के बोलों को डबल मीनिंग और आपत्तिजनक बताते हुए आपत्ति जताई है। इसके बाद इस विषय पर चर्चा बढ़ने के साथ मामला मानवाधिकार आयोग तक पहुंचा। आयोग द्वारा फिल्म के निर्माताओं से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
फिल्म का निर्देशन प्रेम ने किया है। गाने के हिंदी लिरिक्स को लेकर गीतकार रकीब आलम का नाम सामने आया है। हालांकि उन्होंने एक बातचीत में कहा कि उन्होंने गाने को मूल रूप से नहीं लिखा, बल्कि कन्नड़ भाषा में लिखे गए गीत का हिंदी में अनुवाद किया था। उनके अनुसार उन्होंने इस तरह के गीत को लेकर अपनी आपत्ति भी जताई थी।
रकीब आलम ने कहा कि फिल्म के निर्देशक के आग्रह पर उन्होंने कन्नड़ गीत का शब्दशः हिंदी अनुवाद किया था। उनका कहना है कि उन्होंने इस प्रकार के गीत के सेंसर से पारित होने को लेकर भी संदेह जताया था, लेकिन फिल्म की टीम ने इसे उसी रूप में शामिल कर लिया।
गाने को लेकर विवाद के बाद सोशल मीडिया पर बहस जारी है। फिल्म से जुड़े पक्षों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।


