सूरजपुर जिले के तिलसिंवा स्थित ऑडिटोरियम में श्रमिक जन संवाद एवं सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आयोजन का उद्देश्य श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी श्रमिकों को दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। सम्मेलन के माध्यम से जिले के कुल 2,539 हितग्राहियों को 99 लाख 66 हजार 627 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। इसके अतिरिक्त महतारी जतन योजना, सियान योजना एवं नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रतीकात्मक डेमो चेक भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक जन संवाद कार्यक्रम शासन और श्रमिकों के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजनाबद्ध प्रयास कर रही है। मंत्री ने श्रमिकों को विकास प्रक्रिया की महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में चयनित श्रमिकों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।
सम्मेलन में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुन्तला पोर्ते, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री भीमसेन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन तथा श्रम अधिकारी श्री एलेन मिंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
आयोजन के दौरान श्रमिकों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से सीधे संवाद किया। श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई।



