राजधानी रायपुर के आमासिवनी बस्ती इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकू से हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
घटना की जानकारी पुलिस को रात्रि जोनल गश्त के दौरान मिली। रात करीब 2 बजे सूचना आई कि आमासिवनी बस्ती में एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर सुकृत खांडे (35 वर्ष), निवासी पीएम आवास आमासिवनी गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने सुकृत खांडे पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी जानकारी और पतासाजी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में राकेश गुप्ता उर्फ पानी, देवदास उर्फ हड्डी बंजारे, विक्की साहू और एक नाबालिग का नाम सामने आया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में पूछताछ और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। मृतक के परिजनों को भी सूचना देकर बुलाया गया है।
घटना आमासिवनी बस्ती क्षेत्र की है, जहां देर रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जांच बढ़ा दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्या की वजह पैसों के लेनदेन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
राजधानी में देर रात हुई इस घटना ने एक बार फिर आपसी विवाद में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ाई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



