बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस में देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात, धार्मिक प्रतिमाएं और नकदी लूट ली। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लिमतरी स्थित जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस की संचालिका संगीता जैन ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि फार्म हाउस परिसर में बने मकान में परिवार का कीमती सामान रखा हुआ था। उनके पति प्रमोद जैन के निधन के बाद वह शहर में निवास करती हैं और समय-समय पर फार्म हाउस की देखरेख के लिए वहां आती-जाती रहती हैं।
बताया जा रहा है कि 1 जून की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच 3 से 6 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में घुस आए। बदमाशों ने पहले मुख्य दरवाजे को तोड़ा और फिर घर के अंदर रखी अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे कीमती सामान को अपने कब्जे में ले लिया।

सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले गए बदमाश
शिकायत के अनुसार बदमाश सोने की अंगूठी, लगभग दो तोला वजनी सोने की मूर्ति, चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चांदी का लोटा, चांदी के सिक्के तथा करीब 1.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
CCTV कैमरे तोड़कर मिटाने की कोशिश की पहचान
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। हालांकि कैमरे क्षतिग्रस्त करने से पहले उनकी कुछ गतिविधियां रिकॉर्ड हो चुकी थीं। पुलिस इन्हीं फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हथियारबंद बदमाश गांव के भीतर स्थित फार्म हाउस में इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
चकरभाठा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।



