छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। राज्य के प्रतिभाशाली बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारत ‘ए’ टीम में किया गया है। इस उपलब्धि के साथ आयुष पांडे सीनियर इंडिया ए टीम में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
आयुष का चयन उनके शानदार घरेलू प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का ही परिणाम है कि अब उन्हें भारत ‘ए’ टीम में जगह मिली है।
रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में आयुष पांडे ने सात मैचों की 13 पारियों में 57.3 की प्रभावशाली औसत से कुल 573 रन बनाए थे। उनके बल्ले से दो शानदार शतक और दो अर्धशतक निकले थे। पूरे सीजन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर टीम के लिए जिम्मेदारी भरी पारियां खेलीं।
आयुष के चयन को छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से राज्य के क्रिकेट प्रेमी और युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिलने का इंतजार कर रहे थे। आयुष की इस सफलता से प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को नई प्रेरणा मिलेगी।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आयुष श्रीलंका दौरे पर भी अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ने में सफल रहते हैं, तो भविष्य में उनके लिए भारतीय सीनियर टीम के दरवाजे भी खुल सकते हैं।
भारत ‘ए’ टीम में चयन के बाद प्रदेशभर से आयुष पांडे को बधाइयां मिल रही हैं। खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों ने इसे छत्तीसगढ़ क्रिकेट के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है।



