प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। इसी क्रम में राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्यों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री बोले- विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा जरूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और यदि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करें तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इस दिशा में जागरूक करने का आह्वान किया।
रायपुर में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने देखा। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान
सरकारी जानकारी के अनुसार ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर आगामी 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों का होगा आयोजन
अभियान के दौरान देशभर में कई जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं—
- नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम
- जागरूकता रैलियां
- पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं
- वाद-विवाद और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं
- नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
- लघु फिल्मों का प्रदर्शन
- सोशल मीडिया अभियान
- सामुदायिक संवाद कार्यक्रम
जनभागीदारी पर रहेगा जोर
सरकार के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से इस अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



