मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधानसभा की विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को मंजूरी दी गई है।
लगभग 11.62 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और मोहल्लों तक बिजली सुविधा पहुंचाई जाएगी, जिससे हजारों ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
तीन विकासखंडों के 97 गांव होंगे लाभान्वित
राज्य शासन के अनुसार स्वीकृत योजना के तहत—
- भैयाथान विकासखंड के 36 गांवों के लगभग 109 मोहल्लों एवं पारों में विद्युत विस्तार किया जाएगा।
- ओड़गी विकासखंड के 32 गांवों के करीब 68 मोहल्लों एवं पारों को बिजली सुविधा से जोड़ा जाएगा।
- सूरजपुर विकासखंड के 29 गांवों के लगभग 53 मोहल्लों एवं पारों में भी विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा।
जनजातीय बस्तियों को मिलेगा लाभ
यह परियोजना विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां अब तक पर्याप्त विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि गतिविधियों और ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्वीकृति से भटगांव विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि “हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।”



