रायगढ़ जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 32 नग गौवंश को मुक्त कराते हुए आरोपी रब्बुल खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम करवारजोर निवासी रब्बुल खान की गतिविधियों पर पहले से मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी। 10 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते, भूखे-प्यासे हालत में उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने हमराह स्टाफ के साथ तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 32 नग गौवंश बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2,56,000 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बुचड़खाने की ओर ले जाना स्वीकार किया। मुक्त कराए गए गौवंश का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया और उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखने की व्यवस्था की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मवेशी तस्करों से 8 नग मवेशियों को मुक्त कराया था। लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से जिले में अवैध मवेशी परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने के संकेत मिल रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन, तस्करी और क्रूरता जैसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जागरूक नागरिकों से अपील की है कि गौवंश तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक राजू तिग्गा और आरक्षक किशोर कुल्लू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले भर में यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



