रायपुर में राजेंद्र नगर क्षेत्र से दो सटोरियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अंतरराज्यीय सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के तहत गोवा में छापा मारकर चार अन्य आरोपियों को पकड़ा गया है। इस कार्रवाई में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के अनुसार टी-20 विश्व कप के दौरान मोबाइल एप के जरिए लाखों से करोड़ों रुपये का सट्टा संचालित किया जा रहा था। पूरे मामले का विस्तृत खुलासा पुलिस द्वारा प्रेस वार्ता में किया जाना प्रस्तावित है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रतीक कुमार वीधवानी और सैन्की देवड़ा को थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास एक चारपहिया वाहन से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 7.78 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने गोवा में एक मकान किराए पर लेकर वहां से सट्टा नेटवर्क संचालित किया था। वहीं से आईडी और पासवर्ड जारी किए जाते थे तथा लेन-देन का हिसाब रखा जाता था। गोवा स्थित ठिकाने पर छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें रायपुर लाया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि नेटवर्क के संचालन के लिए करीब 50 बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा 100 से अधिक मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं। पुलिस करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। विदेशी मुद्रा और संभावित हवाला कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा 20-20 हजार रुपये में सट्टेबाजी की आईडी और पासवर्ड बेचे जाते थे। हारने वाले खिलाड़ियों से राशि वसूलने के लिए अलग पैनल बनाया गया था। बताया गया है कि कलेक्शन सिस्टम को 35 लाख रुपये में खरीदा गया था और वसूली पर कमीशन लिया जाता था। नेटवर्क संचालन के लिए कर्मचारियों को मासिक वेतन पर रखा गया था।
मोबाइल जांच में सामने आया है कि आरोपी 23exch9.com, allpenalexch.com और 99.com जैसे ऑनलाइन बैटिंग पैनलों की मास्टर आईडी बनाकर कमीशन पर बेचते थे। साथ ही अन्य राज्यों में संचालित पैनलों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से डिपॉजिट और विड्रॉल की व्यवस्था की जा रही थी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नेटवर्क का संबंध महादेव सट्टा एप से जुड़े व्यक्तियों से है या नहीं। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस एंगल पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि वित्तीय लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


