जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लावाकेरा बैरियर पर 26 फरवरी 2026 को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 67 किलो 135 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मादक पदार्थ उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा था। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार क्रमांक DL-8C-AX-8014 भारी मात्रा में गांजा लेकर तपकरा होते हुए बिहार की ओर जाएगी। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की में स्टेपनी रखने की जगह पर प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखे गए 65 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 67 किलो 135 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष), निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) बताया। उसने बताया कि वह संबलपुर, उड़ीसा से गांजा लेकर बिहार जा रहा था। आरोपी के अनुसार हाजीपुर में एक महिला से उसकी पहचान हुई थी, जिसके कहने पर वह उड़ीसा गया और वहां से मादक पदार्थ लेकर लौट रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर संदिग्ध महिला की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 लाख 55 हजार रुपये मूल्य का गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी के विरुद्ध थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रकरण में आगे की जांच कर रही है।


