रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक पुलिस आरक्षक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के अवैध विक्रय के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से लगभग एक ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले में थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देशानुसार थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित मादक पदार्थों के विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 फरवरी 2026 को संयुक्त पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति वाहन में बैठकर चिट्टा विक्रय के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना के आधार पर सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में थाना टिकरापारा एवं आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने संदिग्ध हुलिए के व्यक्ति को रोककर पूछताछ की और विधिसम्मत तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन के रूप में हुई, जो रायपुर में पुलिस आरक्षक के पद पर पदस्थ है। बरामद मादक पदार्थ का वजन लगभग एक ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग आठ हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है। बरामद मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क की पहचान के लिए एंड टू एंड जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जुड़े अन्य संभावित आरोपियों एवं सप्लाई चैन की कड़ियों की जांच की जा रही है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि सूखे नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



