राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने वारदात के करीब 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
घटना रविवार सुबह की है। पुलिस के मुताबिक विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे जब वे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी एक अज्ञात बाइक सवार युवक झटके से उनका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और अलग-अलग थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल आरोपी की तलाश में लगाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और संभावित भागने के रास्तों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लगातार तलाश की गई।
पुलिस की जांच के दौरान आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव के रूप में हुई। आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। वह मूल रूप से जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का काम भी करता था। पतासाजी के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
इस पूरे मामले में रायपुर पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र का इस्तेमाल करते हुए कुछ ही घंटों में कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में स्नैचिंग और चोरी जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है।
धरमलाल कौशिक से जुड़ी यह वारदात राजधानी में उस समय हुई थी जब शहर में वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पहले से कड़ी थी। घटना के बाद पुलिस की त्वरित गिरफ्तारी को मामले में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।



