कांकेर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा मामला में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और बेटिंग नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस नेटवर्क में एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई “उजियारा अभियान” के तहत की गई। थाना सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास रेड कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैचों और ऑनलाइन कैसीनो गेम में हार-जीत का दांव लगाकर अवैध ऑनलाइन बेटिंग कर रहे हैं।
संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तो वहां कुछ संदिग्ध लोग मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन गतिविधियों में संलिप्त मिले। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की। शुरुआती जांच में आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा खेलने और बेटिंग आईडी उपलब्ध कराकर आर्थिक लाभ कमाने की बात स्वीकार की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोबाइल आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे थे। इसके अलावा ऑनलाइन कैसीनो गेम में भी हार-जीत का खेल चल रहा था। पुलिस ने मौके से सात मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी तकनीकी जांच भी की जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
कांकेर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भूमिका भी सामने आई है, जिसके संबंध में अलग से वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग नेटवर्क युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं, इसलिए ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साइबर सेल अब आरोपियों के मोबाइल डेटा, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल कनेक्शन की जांच कर रही है।
कांकेर पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ऑनलाइन सट्टा, क्रिकेट बेटिंग या डिजिटल जुए में संलिप्त पाए जाने वालों पर संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी कठोर कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे ऐसे अवैध नेटवर्क से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



