रायपुर: रायपुर में तीन युवक गिरफ्तार किए गए हैं। आजाद चौक और टिकरापारा थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से दो चाकू और एक तलवार जब्त की है। पुलिस ने तीनों मामलों में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर आजाद चौक पुलिस ने की गिरफ्तारी
आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुलदीप निर्मलकर (24) को गिरफ्तार किया। वह टिकरापारा क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में मोहन स्वीट्स के सामने का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चाकू जब्त किया। इस मामले में अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज किया गया है।
टिकरापारा पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा
टिकरापारा थाना पुलिस ने डीसीपी वेस्ट रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग और सिविल पेट्रोलिंग की। इसी दौरान 22 नवंबर को आर्म्स एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई।
पहले मामले में पुलिस ने मोहम्मद कौनेन (19), पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी मदनी चौक, संजय नगर, थाना टिकरापारा को पकड़ा। उसके कब्जे से एक चाकू जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 1064/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में अपराध दर्ज किया गया।
दूसरे मामले में पुलिस ने मोहम्मद अहमद (25), पिता अली मोहम्मद, निवासी ख्वाजा गली, संजय नगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक तलवार जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 1065/2026 दर्ज किया गया। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
अवैध हथियारों की सूचना देने की अपील
टिकरापारा पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध हथियार रखने, उनका प्रदर्शन करने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।



