रायपुर के रिंग रोड नंबर-2 स्थित प्रिंस ढाबा के पास संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास आए दिन लूटपाट, गाली-गलौज, मारपीट, छीना-झपटी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की लगातार आवाजाही रहती है। आरोप है कि कई मामलों में राहगीरों से मोबाइल फोन और नकदी तक छीनी गई है तथा विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस स्थिति के कारण आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को उस मार्ग से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब खरीदने आने वाले कई लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं और दुकान के आसपास बैठकर शराब का सेवन करते हैं। इससे रिंग रोड पर लगातार जाम की स्थिति बनती है। कई वाहन चालक गलत दिशा से वाहन निकालने का प्रयास करते हैं, जिसके कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
इन्हीं समस्याओं को लेकर संत कबीर दास वार्ड क्रमांक-3 कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुढ़ियारी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत कांग्रेस नेता पंकज शर्मा के निर्देश पर वार्ड अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में दी गई।
शिकायत सौंपने वालों में रामेश्वर साहू, लोकेश साहू, घनश्याम साहू, योगेश बोम्बाडे, पप्पू बागड़े, सुनील लहरें सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से शराब दुकान के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की। गुढ़ियारी थाना प्रभारी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात की समस्या और गंभीर हो सकती है।



