बार्सिलोना। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर स्पेन के बार्सिलोना में चर्चा हुई। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ बैठक की।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव शामिल हुए। भारत के काउंसिल जनरल की अधिकारी आर्स निसार भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने पर चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। संस्था के सीईओ ने राज्य सरकार के साथ समन्वय कर जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित प्रदेश के अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही।
फिरा बार्सिलोना संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में काम करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद छत्तीसगढ़ की इस पहल से यहां के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं।
जीआई टैग वाले चावल की वैश्विक ब्रांडिंग पर जोर
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्राप्त है। इन उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने और पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
राज्य सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार कर रही है। छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बार्सिलोना में हुई यह चर्चा प्रदेश के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में पहचान दिलाने की दिशा में एक पहल है। अंतरराष्ट्रीय विपणन, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से किसानों, एफपीओ और कृषि उद्यमियों के लिए नए अवसर बनने की संभावना है।



