रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के नया मंगल बाजार में दीपावली की रात एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों को हिरासत में लेकर चोरी गया करीब 2.97 लाख रुपये का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
लक्ष्मी पूजन के दौरान पूजा घर से चोरी
पुलिस के मुताबिक, नया मंगल बाजार निवासी महिला ने दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के लिए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पूजा घर में रखी थी। पूजा घर का दरवाजा खुला था। इसी दौरान आरोपी घर में दाखिल हुए और आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। घर में मौजूद महिला के पति ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बाहर जाते देखा और इसकी जानकारी परिवार को दी।
हुलिए के आधार पर पुलिस ने की तलाश
महिला की शिकायत पर गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 522/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, घर से निकलते समय देखे गए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर आसपास पूछताछ और पतासाजी की गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को एक घंटे से कम समय में पकड़ लिया।

2.97 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य 2.97 लाख रुपये बताया है और चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24), निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा और आर्यन चौहान (19), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि नयन राजपूत के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के चार मामले तथा आर्यन चौहान के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान घर में रखे कीमती आभूषण और नकदी सुरक्षित स्थान पर रखने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।



