रायपुर। दीपावली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी और रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल तीन चाकू जब्त किए हैं। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कुकरी तालाब चौरा के पास दो युवक पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कुकरी तालाब चौरा के पास की गई। यहां पुलिस ने शुभम चंदेल (19) और नीलकमल चंदेल (29) को पकड़ा। दोनों कलिंग नगर नत्थूबाड़ा के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से दो चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।
काली मंदिर के पास तीसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई रामनगर चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, यहां पवन साहू (26) चाकू लेकर लोगों को डरा रहा था। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चाकू जब्त किया। इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
त्योहार के दौरान अभियान जारी
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। दीपावली के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ने के मद्देनजर अवैध हथियार लेकर घूमने वालों तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।



