रायपुर। पीएम स्वनिधि योजना छत्तीसगढ़ के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पांच पुरस्कार मिले हैं। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा के नगरीय निकायों को भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 समारोह आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की ओर से राज्य स्तरीय दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को दो राज्य स्तरीय पुरस्कार
पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को दो प्रमुख श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान मिला। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स (Fastest Movers) श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज (Innovation and Best Practices) श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
ये पुरस्कार योजना के तहत पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और उनकी आजीविका मजबूत करने के प्रयासों के लिए दिए गए हैं।
बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को डिजिटल अडॉप्शन पुरस्कार
डिजिटल अडॉप्शन (Digital Adoption) श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर स्थान हासिल किया।
- बड़े बचेली: एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में पहला स्थान।
- दंतेवाड़ा: एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में दूसरा स्थान।
- बिलासपुर: एक लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में दूसरा स्थान।
इन उपलब्धियों के साथ पीएम स्वनिधि योजना के डिजिटल अडॉप्शन अभियान में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल देकर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
अरुण साव ने नगरीय निकायों के प्रयासों को सराहा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे।
बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी समारोह में शामिल हुए।



