रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने सोमवार देर रात सुनवाई के बाद उन्हें 28 नवंबर 2026 तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। ईडी ने पूछताछ के लिए सात दिन की रिमांड मांगी थी।
ईडी के वकील के मुताबिक, महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान आरोप लगाया कि हिमांशु शेखर ने मामले में राहत दिलाने और सरकारी अधिकारियों तथा न्यायिक व्यवस्था से जुड़े लोगों को प्रभावित करने का भरोसा दिया था। एजेंसी का दावा है कि चंद्राकर ने उन्हें 15 करोड़ रुपये दिए थे और इसके बाद छोटी-छोटी किस्तों में भी भुगतान किया गया। इन आरोपों और कथित लेन-देन की जांच की जा रही है। अदालत में अभी आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर के आधार पर रोका
ईडी के अनुसार, 20 नवंबर को हिमांशु शेखर दुबई जाने वाली उड़ान पकड़ने के लिए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे। उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें दोपहर करीब 3:03 बजे रोक लिया। इसके बाद उन्हें कस्टम विभाग को सौंपा गया, जिसने ईडी को सूचना दी। रायपुर से पहुंची ईडी की टीम ने 21 नवंबर की रात करीब 1:10 बजे उन्हें अपनी हिरासत में लिया।
ईडी ने उसी दिन उन्हें मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश कर रायपुर ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगी। मुंबई की अदालत ने यह मांग खारिज कर दी। ईडी का कहना था कि हिरासत की अवधि 21 नवंबर को उसकी ओर से औपचारिक रूप से हिरासत में लेने के समय से गिनी जानी चाहिए, जबकि अदालत ने समय-सीमा की गणना 20 नवंबर को एयरपोर्ट पर रोके जाने के समय से की। अदालत ने हिमांशु को 23 नवंबर को रायपुर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया था।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई कोर्ट का आदेश रद्द किया
मुंबई की विशेष अदालत के आदेश को ईडी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी। 23 नवंबर को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने निचली अदालत का आदेश रद्द कर दिया और ईडी को आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर सक्षम अदालत में पेश करने की अनुमति दी। हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपी को हिरासत और गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर अदालत में पेश किया गया था।
ईडी के मुताबिक, हिमांशु शेखर 23 नवंबर को रायपुर स्थित उसके कार्यालय में पेश नहीं हुए थे। वहीं, बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने दावा किया कि उनके मुवक्किल उसी दिन शाम 4:25 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे थे और इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। बचाव पक्ष ने संभावित कानूनी कार्यवाही के लिए ईडी कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज और प्रवेश रजिस्टर सुरक्षित रखने की मांग भी की है।
15 करोड़ रुपये के कथित भुगतान की जांच
ईडी के वकील के अनुसार, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। एजेंसी का आरोप है कि चंद्राकर ने अक्टूबर 2023 में उन्हें 15 करोड़ रुपये दिए थे। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में भी भुगतान किए जाने का आरोप है। ईडी इन कथित भुगतानों और दुबई में हुई मुलाकातों की जांच कर रही है।
सौरभ चंद्राकर को इस महीने ओमान से भारत लाया गया था। ईडी ने 13 नवंबर को उन्हें गिरफ्तार किया था और पूछताछ के बाद 19 नवंबर को अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वह फिलहाल रायपुर केंद्रीय जेल में बंद हैं।



