रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने खम्हारडीह थाना क्षेत्र में अवैध हुक्का सामग्री के भंडारण पर बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई राजीव नगर स्थित एक मकान में की गई, जहां से हुक्का और उससे संबंधित प्रतिबंधित सामग्री का जखीरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए सामग्री को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे से जुड़े अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ स्तर पर पहले ही सख्त निर्देश जारी किए गए थे। इसी के तहत सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से हुक्का और उससे जुड़ी प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आकाश मरकाम के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए पते पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मदनी बताया। तलाशी में मकान से हुक्का पॉट, हुक्का फ्लेवर, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी से जब्त सामग्री के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी वैधानिक कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से लगभग एक लाख रुपये मूल्य की अवैध हुक्का सामग्री जब्त की गई।
इस संबंध में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 31/25 के तहत कोटपा अधिनियम की धारा 4(क) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक मदनी, पिता स्वर्गीय बालू कुमार, उम्र 59 वर्ष, निवासी राजीव नगर, थाना खम्हारडीह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



