रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और अवैध शराब रखने के मामलों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) के निर्देशन में सिटी कोतवाली एसीपी के नेतृत्व तथा गंज थाना प्रभारी सुनील दास के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार चुनाभट्ठी और तेलघानी नाका क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और व्यावसायिक मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान दो आरोपियों को अवैध रूप से चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राज नायडू (28 वर्ष), निवासी नर्मदा पारा, थाना गंज और नरोत्तम दास मानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी रेलवे स्टेशन के पास, थाना गंज शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा कमलेश मुदलियार (27 वर्ष), निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज को व्यावसायिक मात्रा में अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसी अभियान के दौरान थाना गंज पुलिस ने चुनाभट्ठी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर नशाखोरी कर उपद्रव करने वाले तीन युवकों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार भावेश सेन (19 वर्ष), निवासी मुर्रा भट्ठी गुढ़ियारी, विशाल पंडा (19 वर्ष), निवासी मेन पड़ाव गुढ़ियारी और अश्वनी बघेल (18 वर्ष), निवासी देवेंद्र नगर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने इन युवकों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रायपुर के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेजा है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि शहर में अवैध हथियार रखने, चाकूबाजी करने, अवैध शराब कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी कर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


