बिलासपुर में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सरकंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने 10 अप्रैल 2026 को पाटलीपुत्र नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी महिलाएं कार और स्कूटर का उपयोग कर विभिन्न इलाकों में गांजा की बिक्री कर रही हैं, जिसके आधार पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंकी केवट उर्फ विनिता जोशी (30) और सुदामा केवट उर्फ रानी यादव (40) के रूप में हुई है, जो आपस में सगी बहनें हैं। पुलिस के अनुसार दोनों अलग-अलग नामों का उपयोग कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गांजा सप्लाई करती थीं, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6 किलोग्राम गांजा, 5 लाख 98 हजार 30 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन, दो घड़ियां, दो स्कूटर और एक कार जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 15 लाख 78 हजार 30 रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त रकम का उपयोग वाहनों की खरीद में करती थीं, जिनका उपयोग सप्लाई नेटवर्क को संचालित करने में किया जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी नारकोटिक्स से जुड़े प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


