बिलासपुर के सरकंडा थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देकर एक युवती से 14.50 लाख रुपये नकद और करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, आभूषण, मोबाइल फोन और अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा भी जब्त की है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने बैंक संबंधी कार्य और लॉकर की चाबी अपनी पोती को सौंप रखी थी। इसी दौरान जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने युवती को लगातार डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
परिवार और बच्चों को जान से मारने की दी धमकी
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने युवती के परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या कराने तथा सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से भयभीत कर दिया। डर के माहौल का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने युवती से एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम और फोन-पे के माध्यम से किश्तों में करीब 14.50 लाख रुपये निकलवा लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवती को आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे लगभग 450 ग्राम सोने के हार, चेन, अंगूठी, झुमके, टीका और अन्य आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।
विशेष टीम ने किया गिरोह का खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
नकदी, आभूषण और एक्टिवा जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दो आरोपी अभी भी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।



