रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन तथा स्टेशनों के नए स्वरूप को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ सीधे यात्रियों के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे वर्तमान में व्यापक आधुनिकीकरण के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की मजबूत आधारशिला है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा इन क्षेत्रों की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आम नागरिकों का आवागमन भी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देना है।



