गरियाबंद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत छुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 800 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, बाइक और मोबाइल समेत कुल 7 लाख 90 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले की कार्रवाई थाना छुरा क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कालाहांडी उड़ीसा की ओर से छुरा की तरफ आ रहे हैं और उनके पास मादक पदार्थ गांजा मौजूद है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी छुरा ने टीम के साथ कोसोमबुडा तिराहा चेकपोस्ट पर घेराबंदी की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को रोका। पूछताछ में एक आरोपी विधि से संघर्षरत बालक निकला, जबकि दूसरे ने अपना नाम कुंदन कुमार निर्मलकर पिता सुरेश कुमार निर्मलकर उम्र 25 वर्ष निवासी इराईखुर्द थाना घुमका जिला राजनांदगांव बताया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पास मौजूद स्लेटी ब्लू रंग के पिट्ठू बैग से खाकी रंग के टेप में लिपटा 12 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजा की कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बजाज पल्सर एनएस 200 मोटरसाइकिल भी जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस ने गांजा, बाइक और मोबाइल समेत कुल 7 लाख 90 हजार रुपये की सामग्री जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया गवाहों की मौजूदगी में पूरी की गई।
मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी कुंदन कुमार निर्मलकर और विधि से संघर्षरत बालक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
गरियाबंद पुलिस के मुताबिक जिले में “ऑपरेशन निश्चय” के तहत लगातार अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अंतरराज्यीय मार्गों और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग अभियान जारी रहेगा। विशेष रूप से उड़ीसा सीमा से जुड़े क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।



