रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुड़ा (चिंगपाल) को 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराए हैं। इन कंप्यूटरों की स्वीकृति राज्यपाल द्वारा पूर्व में प्रदान की गई थी।
रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा में डिजिटल संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी तकनीकी सुविधाओं से जोड़ना आवश्यक है।
इन कंप्यूटरों के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े विषयों की पढ़ाई और व्यावहारिक प्रशिक्षण में भी उन्हें सहायता मिलेगी। इससे विद्यार्थियों के डिजिटल कौशल और तकनीकी ज्ञान को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह पहल विशेष रूप से बस्तर के वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विद्यालय में कंप्यूटर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को कंप्यूटर आधारित अध्ययन, डिजिटल लर्निंग और तकनीकी संसाधनों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव सुश्री निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुड़ा (जिला बस्तर) के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



