अमिता श्रीवास माउंट एवरेस्ट फतह कर जांजगीर-चांपा जिले की होनहार बेटी ने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। अमिता श्रीवास ने 22 मई 2026 को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) पर सफलतापूर्वक पहुंचकर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अमिता श्रीवास की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत से प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राज्य की बेटी ने विश्व की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा फहराकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
हालांकि इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अमिता श्रीवास की तबीयत बिगड़ने की खबर भी सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि समिट के बाद बेस कैंप लौटने के दौरान अत्यधिक ऊंचाई, शून्य से करीब 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण अमिता की तबीयत अचानक खराब हो गई।
जानकारी के मुताबिक अमिता श्रीवास को तत्काल हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू कर काठमांडू स्थित नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया है कि उन्हें गंभीर फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही यह जानकारी मिली, राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को जरूरी समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अमिता श्रीवास और उनके परिवार के साथ खड़ी है और उनके बेहतर इलाज के लिए लगातार संपर्क बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अमिता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि अमिता बिटिया जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटें, यही सभी की कामना है। उन्होंने कहा कि अमिता का साहस, धैर्य और हौसला आने वाले समय में हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।
जांजगीर-चांपा जिले से निकलकर माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली अमिता श्रीवास की यह उपलब्धि न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है। खेल और साहसिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए उनकी सफलता एक मिसाल मानी जा रही है।



