कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में एक पीड़िता को लगातार धमकाने और पूर्व में दर्ज मामले को वापस लेने का दबाव बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही अनाचार और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा मामला दर्ज है। जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से पीड़िता से संपर्क कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना केशकाल में शिकायत दर्ज कराई कि अमान विरानी नामक युवक, जिसके खिलाफ पहले से अनाचार और ब्लैकमेलिंग का अपराध दर्ज है, जेल से छूटने के बाद लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से उससे संपर्क कर रहा था। आरोपी द्वारा पीड़िता पर पूर्व में दर्ज मामले को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं, केस वापस नहीं लेने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी न्यायालयीन कार्यवाही और कोर्ट-कचहरी में हुए अपने खर्च की रकम भी पीड़िता से मांग रहा था। लगातार मिल रही धमकियों और दबाव के कारण पीड़िता भय और तनाव की स्थिति में थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी केशकाल निरीक्षक विकास बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमान विरानी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मिले तथ्यों और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण में सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 3 जून 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध, धमकी, दबाव, ब्लैकमेलिंग और उत्पीड़न से जुड़े मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
केशकाल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की धमकी, उत्पीड़न या दबाव की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



